बाँदा। जनता दल यूनाइटेड के दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष श्रीराम प्रजापति ने थाना कबरई जनपद महोबा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दिव्यांग नागरिक श्री भारत साहू पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में प्रदेश सरकार से कड़ी कार्यवाही की माँग की है।
15 सितंबर 2025 को घटी इस घटना में दिव्यांगजन को दवा की कालाबाजारी और अनियमितताओं का विरोध करना इतना महँगा पड़ा कि कुछ दबंगों ने उन पर बर्बर हमला कर दिया और फिर उसी स्थान पर खुद ही तोड़फोड़ कर वीडियो बनाकर पीड़ित को ही झूठे आरोप में फँसाने की साज़िश रची। नामजद आरोपी शिवम तिवारी, प्रकाश मिश्रा, बच्चू महाराज तथा अन्य अज्ञात व्यक्ति आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। श्रीराम प्रजापति ने बताया कि यह हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि दिव्यांग समुदाय की गरिमा और सुरक्षा पर सीधा प्रहार है।
उन्होंने माँग की है कि घटनास्थल की CCTV फुटेज तत्काल जब्त कर स्वतंत्र जांच कराई जाए, आरोपियों पर कठोर धाराओं में FIR दर्ज हो और गिरफ्तारी हो, साथ ही पीड़ित को चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और पर्याप्त मुआवज़ा दिया जाए। साथ ही जनपद महोबा में दिव्यांगजन की सुरक्षा के लिए एक निगरानी समिति के गठन की माँग की गई है और जन औषधि केंद्र में चल रही अनियमितताओं की विभागीय जांच भी हो।
श्रीराम प्रजापति ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर तत्काल कठोर कार्यवाही नहीं हुई तो जंग सिर्फ महोबा तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत होगी। ज्ञापन में सम्मिलित जेडीयू के सिपाही संतोष कुमार अकेला जेडीयू प्रदेश प्रवक्ता सांस्कृतिक प्रकोष्ठ यूपी,बिहारी लाल अनुराग जिला महासचिव दिव्यांग प्रकोष्ठ जेडीयू,राजेश,विद्या देवी,बासुदेव गुप्ता , भोला,कमतू प्रसाद मौजूद रहे |